बघेली स्टार अविनाश तिवारी ने अपनी यूट्यूब की एक महीने की कमाई की गरीबों के नाम

 वितरित कर रहे एक हफ्ते के राशन का पैकेट -



रीवा, इस आपदा के दौर में जहां इंसान कोरोना महामारी से जूझ रहा है, वही गरीब और असहाय वर्ग के लिए मुसीबतें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। लेकिन इन मुश्किल हालातों में ही इंसान इंसान के काम आता है और आज जहां कई सामाजिक संगठन लोगों की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं और लोगों की मदद कर रहे हैं। 




ऐसी ही मानवता की मिसाल अविनाश फिल्म के संचालक और विंध्य के बघेली सुपरस्टार कहे जाने वाले अविनाश तिवारी ने पेश की है। उनकी टीम ने यह निर्णय लिया है कि यूट्यूब चैनल से जो कुछ भी वो कमाते हैं, उसकी एक महीने की आमदनी वो गरीब और असहाय वर्ग के लिए खर्च करेंगे व उन तक खाद्यान्न राशन और सब्जियां आदि पहुंचाएंगे। 



विगत कुछ दिनों से अविनाश फिल्म्स की टीम (अविनाश तिवारी, शैलू शर्मा,कान्हा मिश्रा) एवं अन्य साथी मिलकर गरीबों के पास पहुंचकर उन्हें खाद्यान्न राशन बांटने का काम कर रहे हैं। अविनाश फिल्म्स के संचालक अविनाश तिवारी ने बताया कि जब उन्होंने युवा एकता परिषद व उनकी टीम को साथी हांथ बढ़ाना अभियान के तहत गरीब और असहाय लोगों की मदद करते हुए देखा तब उनके मन में भी यह प्रेरणा उपजी और उन्होंने भी यह निर्णय लिया कि वो अपनी एक महीने की यूट्यूब कमाई से गरीबों तक यथा उचित मदद पहुंचाएंगे। 


बघेली स्टार ने विंध्यवासियों से भी आग्रह किया है कि सभी लोग आपदा की इस परिस्थिति में लोगों की मदद करने के लिए आगे आएं ताकि कोई भी भूखा ना सोए और जब जब विंध्य पर ऐसी बुरी परिस्थिति आई हैं तब तब विंध्यवासियों ने मिलकर उसका सामना किया है इसलिए सभी लोग गरीबों की मदद करने के लिए एक कदम आगे बढ़ाएं।

*कलाकारों के लिए प्रेरणा स्रोत बने बघेली स्टार अविनाश*




कोरोना की इस विषम परिस्थिति में जहाँ आमजन परेशान है वहीं गरीब भोजन की समस्या से जूझ रहे हैं। दर्शक रूपी जनता के सहयोग से एक कलाकार आगे बढ़ता है तो उस कलाकार का भी ऐसे लोगों का सहयोग करने का दायित्व बनता है इसी कड़ी में विंध्य के जाने माने कलाकार बघेली स्टार अविनाश तिवारी सबसे पहले आगे आए और अपने एक माह के यूट्यूब की कमाई गरीबों के नाम करते हुए गरीबों को  लगातार खाद्यान्न वितरण कर रहे हैं। विंध्य के कलाकारों को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और आगे आकर गरीबों का सहयोग करना चाहिए।

Comments